हिमाचल के ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन को मिला अप्रीशीऐशन अवार्ड, सीएम सुक्खू ने दी बधाई

8 सितंबर: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन (डीसीए) को फार्मास्यूटिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (फार्माक्सिल) की ओर से अप्रीशीऐशन अवार्ड मिलने पर बधाई दी है। यह पुरस्कार वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में नई दिल्ली में आयोजित आईपीएचईएक्स-2026 के दौरान प्रदान किया गया।

यह सम्मान प्रदेश में बेहतर औषधि नियमन, उद्योगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने और फार्मास्यूटिकल निर्यात को बढ़ावा देने के लिए दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार की मजबूत नियामक व्यवस्था, कारोबार में सुगमता और गुणवत्तापूर्ण एवं वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी फार्मास्यूटिकल इकोसिस्टम विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

सीएम सुक्खू ने कहा कि फार्मास्यूटिकल कारोबार में नैतिक मूल्यों से समझौता करने वालों के खिलाफ सरकार की शून्य सहनशीलता की नीति है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान हिमाचल की नियामक उत्कृष्टता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे देश व वैश्विक बाजार की जरूरतों को पूरा करने वाले विश्वसनीय फार्मास्यूटिकल हब के रूप में प्रदेश की स्थिति और मजबूत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने इस सम्मान को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने प्रभावी औषधि नियमन के साथ फार्मास्यूटिकल उद्योग के विकास को सुगम बनाने में ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार ने भी इसे हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए पुरस्कार का श्रेय ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण, प्रतिबद्धता और व्यावसायिक दक्षता को दिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *