8 सितंबर: जसूर सब्जी मंडी में 19 वर्षीय युवक के कथित अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने पिस्तौल की नोक पर युवक को अगवा किया और बाद में एक आवास पर ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
जानकारी के अनुसार, ततवाली पंचायत के थोड़ा गांव निवासी लतीफ खान सब्जी बेचने के लिए जसूर मंडी गया था। उसके पिता कालू दीन चौहान ने आरोप लगाया कि मंडी से ही कुछ लोगों ने हथियार के बल पर उसके बेटे का अपहरण कर लिया। आरोप है कि युवक के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे एक आवास पर ले जाया गया, जहां उसकी जमकर पिटाई की गई। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने युवक के सिर के बाल बीच से काट दिए और उसकी भौंहों के बाल भी साफ कर दिए। परिवार ने घटना में शामिल लोगों पर धमकियां देने का भी आरोप लगाया है। पिता के अनुसार, आरोपियों में कुछ लोग इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं और इनमें एक होमगार्ड कर्मचारी भी शामिल है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को आरोपियों के कब्जे से मुक्त करवाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है।
अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संघ के निदेशक राजेश सिंह पठानिया ने घटना की निंदा करते हुए मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।