8 सितंबर: देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने सेरा स्थित विश्राम गृह में आयोजित मुख्यमंत्री राहत कोष राशि वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए 194 जरूरतमंद लोगों को कुल 49 लाख रुपये की राहत राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गरीब, बेसहारा बच्चों, महिलाओं और समाज के अन्य जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए कई सराहनीय योजनाएं शुरू की हैं। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, आवास योजना और इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत अन्य पात्र महिलाओं को भी जल्द 1500-1500 रुपये की राशि मिलनी शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल करने से प्रदेश के लाखों अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है।
विधायक ने कहा कि नादौन विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने अरबों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को मंजूरी दी है और इनका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इनमें जोल सप्पड़ में करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज और कैंसर केयर संस्थान, नादौन में करीब 115 करोड़ रुपये का इंडोर स्टेडियम, 45 करोड़ रुपये की लागत से एचपीटीडीसी होटल, राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल, विभिन्न स्कूलों-कॉलेजों व स्वास्थ्य केंद्रों के भवन, पेयजल योजनाएं, सड़कों का चौड़ीकरण, ई-बस डिपो और बस स्टैंड सहित पर्यटन से जुड़ी कई परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, तहसीलदार निधि सकलानी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कांग्रेस पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।