आरसेटी हमीरपुर ने 29 लोगों को सिखाई मशरूम की खेती, दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न

8 सितम्बर: पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर की ओर से भोरंज उपमंडल की ग्राम पंचायत करहा के लोगों के लिए मशरूम की खेती पर आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न हो गया। शिविर में 29 लोगों ने भाग लेकर मशरूम उत्पादन से जुड़ी तकनीकों और खेती के विभिन्न गुर सीखे।

संस्थान परिसर में आयोजित समापन समारोह में पंजाब नेशनल बैंक के लोन प्वाइंट के मुख्य प्रबंधक राजेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के बाद वे घर में सीमित जगह का उपयोग करके भी मशरूम की खेती शुरू कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए विभिन्न बैंकों से ऋण प्राप्त करने में आरसेटी भी सहयोग करेगा।

राजेश कुमार ने प्रतिभागियों से विभिन्न विभागों और बैंकों की ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीपीएफ खाता और किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेने का भी आग्रह किया।

इससे पहले आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।

समारोह में शिविर के मूल्यांकनकर्ता बिशन दास सांख्यान और देवी राम, प्रशिक्षक ममता ठाकुर, आरसेटी फैकल्टी सदस्य विनय चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *