केंद्रीय बजट 2026 पर सियासी प्रतिक्रियाएं: भाजपा नेताओं ने बताया विकासोन्मुखी और दूरदर्शी बजट

1 फरवरी: केंद्रीय बजट 2026 को लेकर प्रदेशभर में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बजट को आम आदमी, गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के हित में बताया है।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर ने दौलतपुर चौक में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय बजट 2026 का श्रवण किया। उन्होंने कहा कि यह बजट देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार करता है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट समावेशी विकास और आर्थिक अनुशासन का संतुलित उदाहरण है।

इस अवसर पर गगरेट के पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने बजट को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि इसमें इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, रोजगार सृजन, तकनीकी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत पर विशेष फोकस किया गया है। उन्होंने कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों पर विशेष ध्यान दिए जाने से हिमाचल जैसे राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही एमएसएमई सेक्टर, स्वास्थ्य सेवाओं, ग्रीन एनर्जी, सेमीकंडक्टर मिशन और बायो-फार्मा क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती देंगे।

वहीं कुल्लू जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में भी केंद्रीय बजट को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला भाजपा अध्यक्ष अमित सूद ने कहा कि यह बजट हर वर्ग के लिए लाभकारी है। किसान-बागवानों से लेकर व्यापारी वर्ग तक को इससे फायदा मिलेगा। कार्यक्रम में मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसी तरह नाहन स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भी केंद्रीय बजट श्रवण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता बलदेव तोमर और जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बलदेव तोमर ने कहा कि यह बजट देश के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जबकि धीरज गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार जनहितैषी निर्णय ले रही है और बजट में ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ मध्यम वर्ग को भी प्राथमिकता दी गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *