मंडी में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, 52 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

1 फरबरी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में जमीन विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। धर्मपुर उपमंडल के गांव भेड़ी में 52 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक जमीन विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गांव भेड़ी निवासी भीखम राम (52) के रूप में हुई है। गुरुवार रात भीखम राम के घर से झगड़े की आवाजें सुनी गई थीं। इसके अगले दिन सुबह उनका शव घर के अंदर पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

जांच के दौरान मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पूछताछ और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि जमीन विवाद को लेकर भीखम राम की उसकी पत्नी शकुंतला देवी और बेटे प्रवीण के साथ कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट में बदल गई। गंभीर चोटें लगने के कारण भीखम राम की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *