5 सितंबर: नई दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को शिमला लौट आए। मुख्यमंत्री दिल्ली से हवाई मार्ग से चंडीगढ़ पहुंचे, जहां से सड़क मार्ग से उनका काफिला शिमला के लिए रवाना हुआ। दिल्ली में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका वाड्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार भी मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री की मल्लिकार्जुन खरगे के साथ अलग से भी मुलाकात हुई। बैठक में संगठनात्मक मामलों के साथ मंत्रिमंडल में नए मंत्री को शामिल करने को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद अब प्रदेश कांग्रेस में संभावित संगठनात्मक नियुक्तियों और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हाईकमान के फैसले पर नजर बनी हुई है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस कमेटी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और प्रवक्ता पदों पर जल्द नियुक्तियां हो सकती हैं। इन नियुक्तियों में विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने के लिए पार्टी स्तर पर मंथन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि संगठन और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दिल्ली में चर्चा हुई है और अब हाईकमान की अंतिम मंजूरी का इंतजार है।
इसी बीच राहुल गांधी के इसी महीने हिमाचल दौरे पर आने की संभावना भी जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार सोलन में उनकी रैली हो सकती है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका वाड्रा के भी इस महीने मंडी दौरे की संभावना बताई जा रही है।
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने मानसून के कारण हुए नुकसान को लेकर कहा कि मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश से जहां भी नुकसान हुआ है, वहां मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री द्वारा आपदा के दौरान घोषित 1500 करोड़ रुपये की सहायता को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले डेढ़ वर्ष से इस राशि का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए अपने स्तर पर प्रभावी कदम उठाए हैं।
चंडीगढ़ से शिमला लौटते समय कंडाघाट में मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे खड़े तीन बच्चों को देखा। उन्होंने अपना वाहन रुकवाकर बच्चों से बातचीत की। बच्चों ने हाईवे किनारे स्थित एक ढाबे में खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की। मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मौके पर ही डीसी सोलन को ढाबे के खाने की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खाद्य गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए और समय-समय पर सैंपल भी लिए जाएं।