फरवरी की शुरुआत में महंगाई की मार, कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़े; घरेलू गैस राहत में स्थिर

1 फरबरी: फरवरी के पहले ही दिन महंगाई ने झटका दे दिया है। तेल विपणन कंपनियों ने लगातार दूसरे महीने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1,740.50 रुपये हो गई है, जो मई 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। जनवरी में भी इसके दामों में 111 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इस साल अब तक कमर्शियल सिलेंडर कुल 159.50 रुपये महंगा हो चुका है। इसका उपयोग होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स में किया जाता है।

अन्य महानगरों में भी दाम बढ़े हैं। कोलकाता में कीमत 1,844.50 रुपये, मुंबई में 1,692 रुपये और चेन्नई में 1,899.50 रुपये हो गई है।

वहीं, 14.2 किलो घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतें अप्रैल 2025 के बाद से स्थिर बनी हुई हैं। दिल्ली में यह 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये में मिल रहा है।

तेल कंपनियां हर महीने अंतरराष्ट्रीय बाजार, कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति के आधार पर गैस के दामों की समीक्षा करती हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *