31 अगस्त: कांगड़ा जिले के लंबागांव थाना क्षेत्र की सोलबनेहड़ पंचायत के 16 वर्षीय छात्र अभिलाष पुत्र संजय चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र की मौत के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अभिलाष 27 अगस्त को ट्यूशन के लिए घर से निकला था, लेकिन वह न तो ट्यूशन सेंटर पहुंचा और न ही वापस घर लौटा। परिजनों ने काफी तलाश के बाद 28 अगस्त को पुलिस थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
इसी दिन शाम को अभिलाष घर से करीब 250 मीटर दूर सड़क किनारे बदहवास हालत में नंगे पांव मिला। परिजन उसे जयसिंहपुर अस्पताल ले गए, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान 30 अगस्त को उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, उपचार के दौरान अभिलाष ने बताया था कि कुछ अपरिचित लोग उसे ट्राले में डालकर होशियारपुर ले गए थे। वहां उससे कुछ सामान डिलीवर करवाया गया और उसे नशीली चीज पिलाए जाने की बात भी सामने आई है। छात्र के अनुसार, बाद में उसे घर के नजदीक सड़क पर उतार दिया गया था।
चिकित्सकों के मुताबिक, अभिलाष की किडनी और लीवर को नुकसान पहुंचा था। इसी बीच सामने आया है कि 27 अगस्त को क्षेत्र का एक अन्य युवक भी लापता हुआ था, जो अभिलाष के साथ उसी स्कूल में पढ़ता था और उसके साथ ट्यूशन भी जाता था। मोबाइल लोकेशन दिल्ली में मिलने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित घर पहुंचा दिया। अब पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है।
डीएसपी संदीप शर्मा ने बताया कि छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।