31 अगस्त: मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (डिजिटल तकनीक, गवर्नेंस एवं नवाचार) गोकुल बुटेल ने कहा कि पालमपुर में आईआईटी मंडी कैंपस के निर्माण को लेकर प्रदेश सरकार और आईआईटी मंडी के बीच करीब 550 कनाल भूमि की लीज प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। करीब 800 कनाल अतिरिक्त भूमि की लीज प्रक्रिया भी की जाएगी और वन स्वीकृति मिलने के बाद इसे आईआईटी मंडी को सौंपा जाएगा।
पालमपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान गोकुल बुटेल ने कहा कि करीब 1400 कनाल भूमि पर बनने वाले आईआईटी मंडी कैंपस के लिए लीज प्रक्रिया पूरी होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके बाद कैंपस निर्माण से जुड़ी आगामी प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि कैंपस निर्माण को लेकर एनआईटी हमीरपुर की ओर से अधिकतर सर्वे भी पूरा किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि पालमपुर में आईआईटी मंडी के नए कैंपस की स्थापना से क्षेत्र में उच्च शिक्षा, रोजगार और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। इससे कांगड़ा जिला और पालमपुर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गोकुल बुटेल ने लीज प्रक्रिया पूरी होने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आईआईटी मंडी अब कैंपस निर्माण से संबंधित आगामी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करेगा।
आईआईटी मंडी के कुलसचिव कुमार संभव पांडे ने कहा कि पालमपुर कैंपस को सुंदर, भव्य और अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कैंपस निर्माण को निर्धारित समय अवधि में शुरू करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त नेत्रा मेती, तहसीलदार साजन बग्गा और आईटीआई मंडी के प्रधानाचार्य अजेश कुमार भी मौजूद रहे।