पतंग उड़ाते समय सीढ़ियों से गिरा युवक, पेट में घुसा सरिया; PGI रेफर

29 अगस्त: नाहन के गोविंदगढ़ क्षेत्र में रक्षाबंधन के दौरान पतंग उड़ाते समय 26 वर्षीय युवक हादसे का शिकार हो गया। छत से सीढ़ियां उतरते समय संतुलन बिगड़ने के कारण युवक नीचे गिर गया। इसी दौरान वहां पड़ा लोहे का सरिया उसके पेट में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार राहुल सुबह घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। दूसरी पतंग लेने के लिए वह सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने के दौरान वहां मौजूद लोहे का सरिया उसके पेट में जा लगा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।

घायल राहुल को परिजन और स्थानीय लोग उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन ले गए। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद चोट की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक की हालत फिलहाल स्थिर है।

रक्षाबंधन के दौरान नाहन शहर में पतंग उड़ाने की परंपरा काफी पुरानी है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह परंपरा रियासतकाल से चली आ रही है। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग घरों की छतों पर पतंगबाजी करते हैं। ऐसे में हादसों से बचने के लिए पतंग उड़ाते समय छत और सीढ़ियों पर विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *