पंडोह के 6 मील के पास ब्यास नदी में गिरी बोलेरो कैंपर, सब्जियां लेकर पंजाब जा रहा चालक लापता

29 अगस्त: चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह से आगे 6 मील के पास शुक्रवार को एक बोलेरो कैंपर हादसे का शिकार हो गई। लाहौल से सब्जियां लेकर पंजाब जा रही बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पैरापिट को तोड़ते हुए ब्यास नदी में जा गिरी। हादसे के बाद वाहन चालक लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

लापता चालक की पहचान रमेश चंद्र पुत्र जगत राम निवासी गांव लगसाल, तहसील औट, जिला मंडी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रमेश चंद्र वीरवार शाम लाहौल से सब्जियों की खेप लेकर पंजाब के लिए रवाना हुआ था। शुक्रवार सुबह जब वह निर्धारित समय तक पंजाब की सब्जी मंडी नहीं पहुंचा तो वहां के आढ़तियों ने उसके भाई बालक राम को फोन कर इसकी जानकारी दी।

रमेश का फोन बंद आने के बाद बालक राम ने शुक्रवार सुबह हाईवे पर उसकी तलाश शुरू की। पंडोह से आगे 6 मील के पास पहुंचने पर उसने सड़क किनारे पैरापिट टूटा हुआ देखा। वहीं ब्यास नदी के किनारे सब्जियां बिखरी पड़ी थीं। इससे बालक राम को वाहन के नदी में गिरने का शक हुआ।

इसके बाद उसने तुरंत पंडोह पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। नदी का बहाव तेज होने के कारण अभी तक बोलेरो कैंपर और चालक रमेश चंद्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस टीम चालक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *