नशामुक्त और स्वच्छ हवा वाला सुंदरनगर बनाने को अभियान तेज

28 अगस्त: एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम और ‘नशामुक्त सुंदरनगर’ अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान के तहत स्कूली विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के साथ-साथ स्वच्छ पर्यावरण और साफ हवा के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इसी कड़ी में एंजल पब्लिक स्कूल सुंदरनगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीएम अमर नेगी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने, आत्मविश्वास के साथ सही निर्णय लेने और स्वस्थ एवं जिम्मेदार भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने तथा स्वच्छ हवा के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।

क्रयाश चैरिटेबल ट्रस्ट प्रशासन के सहयोगी के रूप में अभियान की जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। ट्रस्ट के संस्थापक एवं हिमाचल डेंटल कॉलेज में प्रोफेसर ऑफ फार्माकोलॉजी डॉ. धर्मेश शर्मा विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दे रहे हैं। विद्यार्थियों को एक्यूआई, पीएम 2.5 और पीएम 10 सहित वायु प्रदूषण से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में भी सरल भाषा में समझाया जा रहा है।

अभियान के तहत नामधारी दिल्ली पब्लिक स्कूल, महावीर पब्लिक स्कूल, सेंट मैरी स्कूल, राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, डीएवी और स्प्रिंगफील्ड हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। आने वाले दिनों में अन्य शिक्षण संस्थानों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

15 अगस्त से 2 अक्तूबर तक चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य बच्चों, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों को स्वच्छ हवा तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *