जैदेवी में किसान गोष्ठी, प्राकृतिक खेती और किसान रजिस्ट्री पर हुआ मंथन

28 अगस्त: विकास खंड धनोटू की ग्राम पंचायत जैदेवी में आत्मा परियोजना मंडी के तत्वावधान में किसान गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें करीब 170 किसानों और प्रतिभागियों ने भाग लिया। गोष्ठी में किसान रजिस्ट्री, प्राकृतिक खेती के साथ कृषि, बागवानी और पशुपालन विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक डॉ. प्राची ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. राकेश पाटियाल, उप परियोजना निदेशक डॉ. सोनल गुप्ता, विषयवाद विशेषज्ञ सुंदरनगर डॉ. शमशेर सिंह, केवीके वैज्ञानिक डॉ. दिनेश यादव, उद्यान विकास अधिकारी डॉ. अनुपमा, पशुपालन विभाग के डॉ. विपिन और कृषि प्रसार अधिकारी नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विशेषज्ञ मौजूद रहे।

गोष्ठी में किसानों को किसान रजिस्ट्री के महत्व, पंजीकरण प्रक्रिया और इससे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती के वैज्ञानिक और आर्थिक पहलुओं पर चर्चा करते हुए खेती की लागत कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा कृषि को टिकाऊ और लाभकारी बनाने के उपाय साझा किए।

मुख्य अतिथि डॉ. प्राची ने किसानों को प्राकृतिक खेती को डेयरी और अन्य सहायक कृषि व्यवसायों से जोड़कर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कम उत्पादक और समस्याग्रस्त क्षेत्रों में हल्दी जैसी वैकल्पिक फसलों की संभावनाएं तलाशने का सुझाव भी दिया।

किसानों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद कर अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं साझा कीं। विशेषज्ञों ने मौके पर ही आवश्यक समाधान और मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के आयोजन में बीटीएम और एटीएम स्टाफ के साथ ग्राम पंचायत जैदेवी के प्रधान एवं पंचायत प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *