27 अगस्त , नरेश मलोटिया: पीएम श्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में संस्कृत दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। संस्कृत अध्यापक आचार्य नरेश मलोटिया के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का संदेश दिया।
संस्कृत सप्ताह के तहत विद्यालय में 25 से 31 अगस्त तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में संस्कृत दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने संस्कृत श्लोकों और गीतिकाओं का सस्वर उच्चारण किया। इसके साथ ही नारा लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा के संदेश लिखी तख्तियां लेकर विद्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा के संरक्षण और प्रचार-प्रसार का संदेश दिया। श्लोकों और संस्कृत गीतिकाओं के उच्चारण से विद्यालय परिसर संस्कृतमय हो उठा।
संस्कृत अध्यापक आचार्य नरेश मलोटिया ने विद्यार्थियों को संस्कृत दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति और संस्कारों का मूल है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कृत को केवल एक विषय तक सीमित न रखते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और जीवन-मूल्यों से जोड़ने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्कृत हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में संस्कृत भाषा की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय की अध्यापिकाओं सविता, अनीता रानी, नीना धीमान, रजनी बाला, अनुवाला तथा अध्यापक सुनील कुमार, नरेन्द्र सिंह ठाकुर सहित अन्य शिक्षकों ने सहयोग दिया।