महिलाओं के उत्पीड़न की शिकायतें रहेंगी पूरी तरह गोपनीय, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: सुक्खू

28 अगस्त: : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विधानसभा में कांग्रेस विधायक मलेंद्र राजन के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाएं अपनी शिकायत खुलकर सामने नहीं रख पाती हैं। इसे देखते हुए शिकायत प्रक्रिया से जुड़े नियमों में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे, ताकि महिलाएं बिना किसी झिझक के अपनी शिकायत दर्ज करवा सकें।

इससे पहले सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल ने बताया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी कार्यस्थलों तथा शिक्षण संस्थानों में महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े 131 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 37 मामलों में कार्रवाई की गई है। तीन मामलों में आरोपियों को सेवा से बर्खास्त किया गया, एक को कड़ा दंड दिया गया और एक अन्य को निलंबित किया गया।

मंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार की ओर से कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के ‘शी-बॉक्स’ पोर्टल का भी उल्लेख किया। इस पोर्टल के माध्यम से कामकाजी महिलाएं कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 के तहत गोपनीय तरीके से शिकायत दर्ज कर सकती हैं। साथ ही, शिकायत की जांच की स्थिति की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *