आम बजट 2026 को लेकर भाजपा का प्रदेशव्यापी अभियान, शिमला में जयराम ठाकुर व डॉ. राजीव बिंदल करेंगे नेतृत्व

31 जनवरी : देश का आम बजट 2026 पेश होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रदेशव्यापी “बजट श्रवण एवं संवाद अभियान” शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 1 फरवरी 2026 को एक साथ प्रदेश मुख्यालय, सभी जिला मुख्यालयों और 171 मंडलों में आयोजित किया जाएगा।

भाजपा वरिष्ठ नेता एवं कार्यक्रम संयोजक रणधीर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश मुख्यालय दीप कमल, शिमला में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे कार्यकर्ताओं के एकत्रीकरण से होगी। इसके पश्चात सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सामूहिक रूप से आम बजट का सीधा प्रसारण सुनेंगे। बजट प्रस्तुति के बाद उसके प्रमुख बिंदुओं, जनकल्याणकारी प्रावधानों और विकास से जुड़े निर्णयों पर संवाद कर सार तैयार किया जाएगा, जिसे प्रदेशभर में जनता तक पहुंचाया जाएगा।

रणधीर शर्मा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट के माध्यम से देश की आर्थिक मजबूती, युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीब वर्ग के लिए किए गए प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाना है। भाजपा कार्यकर्ता बजट के सकारात्मक संदेश के साथ ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करेंगे।

भाजपा ने प्रदेश के सभी जिलों और मंडलों में इस कार्यक्रम के लिए संयोजकों की नियुक्ति कर दी है। विशेष रूप से वर्ष 2022 के सभी विधानसभा प्रत्याशी भी इन कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे। जिला स्तर पर मुख्य अतिथियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है, जिनकी उपस्थिति में बजट पर संवाद किया जाएगा।

इसके अलावा इस अभियान में सीए प्रकोष्ठ की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी, जो बजट के तकनीकी पहलुओं को सरल भाषा में कार्यकर्ताओं और आम जनता के सामने रखेगा।

भाजपा का विश्वास है कि आम बजट 2026 आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा और यह अभियान संगठनात्मक रूप से नई ऊर्जा का संचार करेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *