27 अगस्त: भराड़ी थाना क्षेत्र के तहत तलवाड़ा में मंगलवार शाम सीर खड्ड में डूबे 71 वर्षीय व्यक्ति का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान धर्म पाल पुत्र कांसी राम, निवासी गांव बणी भपरालिया, डाकघर भपराल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार धर्म पाल खड्ड पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर पानी में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ भराड़ी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
रात भर चले सर्च अभियान के बाद बुधवार सुबह घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड्ड से धर्म पाल का शव बरामद किया गया। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।