25 अगस्त: नादौन उपमंडल के रंगस क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। राशन लेने पहुंचे लोगों की वैन पर अचानक वटवृक्ष की बड़ी शाखा टूटकर गिर गई। हादसे में वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि वाहन में बैठे चालक की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार बन गांव निवासी मनोहर अली अपने वाहन में लोगों को राशन डिपो लेकर आए थे। लोगों के वाहन से उतरने के बाद वैन को वटवृक्ष के नीचे खड़ा कर दिया गया। इसके बाद लोग राशन लेने के लिए डिपो में चले गए, जबकि चालक वाहन में ही बैठकर उनके लौटने का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान अचानक वटवृक्ष का एक बड़ा हिस्सा टूटकर वैन के पिछले हिस्से पर जा गिरा। पेड़ का हिस्सा वाहन के पिछले भाग पर गिरने के कारण चालक सुरक्षित बच गया। हालांकि, वैन को काफी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और घटना की जानकारी ली।