अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर बढ़ेगी निगरानी, औचक निरीक्षण के दिए निर्देश

25 अगस्त: कांगड़ा जिले में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. ओमेश कुमार भारती की अध्यक्षता में सोमवार को सीएमओ कार्यालय धर्मशाला में जिला सलाहकार समिति एवं जिला उपयुक्त प्राधिकरण की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से प्राप्त 16 आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें से 12 मामलों को मौके पर ही अनुमोदित कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

डॉ. ओमेश कुमार भारती ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में संचालित क्लीनिकों और अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से राज्य की सीमा से सटे क्षेत्रों में संचालित केंद्रों की निगरानी बढ़ाने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए और इसकी रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को भेजी जाए। साथ ही सभी संबंधित केंद्रों में ‘यहां भ्रूण की लिंग जांच नहीं होती’ संबंधी बोर्ड स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाली जगह पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

डॉ. भारती ने कहा कि पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कानून के प्रावधानों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला अटॉर्नी एन.एस. चौहान, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सूद, डॉ. मनीषा, एसएमओ डॉ. सुनील भट्ट तथा गैर सरकारी सदस्य सुनीता, नीलम कुमारी और इंदू कुमारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *