22 अगस्त: पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर द्वारा शुक्रवार को ग्राम पंचायत ताल में स्वयं सहायता समूहों के लिए जागरूकता एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के करीब 11 स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) धर्मेंद्र स्याल ने की। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से बैंक की विभिन्न ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को ऋण योजनाओं से जोड़ने के लिए बैंकों और संबंधित विभागों की ओर से विशेष प्रावधान किए गए हैं।
एलडीएम ने लखपति दीदी योजना, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लंबे समय से निष्क्रिय बैंक खातों में पड़ी धनराशि के क्लेम, डिजिटल बैंकिंग और साइबर ठगी से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर डीआरडीए की राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन प्रभारी वंदना शर्मा, महिला विकास निगम की अधिकारी हेमलता, पंजाब नेशनल बैंक ताल शाखा के प्रबंधक राम प्रकाश, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, पंचायत प्रधान, उपप्रधान और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।