22 अगस्त: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी)-2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कार्यालय में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने की। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 18 सितंबर, 2026 को आयोजित किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और समुदाय से भी अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
उन्होंने बताया कि 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से कृमिनाशक दवा दी जाएगी, जबकि 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक प्रदान की जाएगी। जिला कांगड़ा में करीब 3 लाख 72 हजार पात्र बच्चों को कृमिनाशक दवा देने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश सूद ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दुष्यंत ने बताया कि 18 सितंबर को पात्र प्री-स्कूल और स्कूल जाने वाले बच्चों को भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी। पांच वर्ष से कम आयु के पात्र बच्चों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी।
मुख्य दिवस पर किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रहने वाले बच्चों के लिए स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। बैठक में अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना और अंतर-विभागीय समन्वय पर भी चर्चा की गई।