21 अगस्त: शिमला में 21 अगस्त से 3 सितंबर तक होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सत्र के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बचत भवन में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला दंडाधिकारी अनुपम कश्यप ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पुलिस कर्मी बिना पूर्व सूचना के अपने ड्यूटी स्थल से नहीं हटेगा और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा गया है। सेक्टर-1 और 2 में विधानसभा परिसर के आंतरिक व बाहरी क्षेत्र की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह को सौंपी गई है। सेक्टर-3 में कैनेडी चौक से चौड़ा मैदान तक की जिम्मेदारी पुलिस सेवा अधिकारी प्रवीर ठाकुर संभालेंगे, जबकि सेक्टर-4 की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर को दी गई है।
जिला दंडाधिकारी ने सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और कानून व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन और पुलिस के बीच लगातार बेहतर तालमेल बनाए रखना जरूरी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने बताया कि विधानसभा मानसून सत्र के लिए व्यापक सुरक्षा योजना तैयार कर ली गई है। संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा चुके हैं। विधानसभा की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सीआईडी के साथ भी बेहतर समन्वय रखा जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सेक्टर अधिकारी मौजूद रहे।