21 अगस्त: करसोग में सद्भावना दिवस के अवसर पर एसडीएम कार्यालय परिसर में शपथ समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उपमंडलाधिकारी नागरिक करसोग अलीशा चौहान ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भावनात्मक एकता एवं सद्भावना की शपथ दिलाई।
उन्होंने सभी से जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, धर्म और भाषा के आधार पर भेदभाव किए बिना देशवासियों की एकता और सद्भावना के लिए कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही सभी प्रकार के मतभेदों को हिंसा के बजाय बातचीत और संवैधानिक माध्यमों से सुलझाने की शपथ दिलाई।
उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती 20 अगस्त को प्रतिवर्ष सद्भावना दिवस के रूप में मनाई जाती है। समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।