कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर तेज रफ्तार बाइक कार से टकराई, पंजाब के दो युवक गंभीर घायल

21 अगस्त: कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर कैंचीमोड़ (करमाला) के समीप गुरुवार को एक सड़क हादसे में पंजाब के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक बाइक पर कुल्लू के मणिकर्ण स्थित गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर वापस बठिंडा लौट रहे थे। घायलों को उपचार के लिए एम्स बिलासपुर में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार बठिंडा निवासी लखविन्द्र सिंह (30) पुत्र बाबा सिंह और बलविन्द्र सिंह (30) पुत्र राम सिंह बाइक पर घर लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे कैंचीमोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी कार के पिछले हिस्से से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला शीशा पूरी तरह टूट गया, जबकि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही सीएचसी स्वारघाट की 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एम्स बिलासपुर पहुंचाया। वहीं, स्वारघाट पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *