20 अगस्त: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी स्थित रिड़कमार में वन विभाग की ओर से 77वें वन महोत्सव एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और देवदार का पौधा रोपकर विधानसभा क्षेत्र में वन महोत्सव की शुरुआत की।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पौधारोपण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वन पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ प्रदेश की समृद्धि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अधिक से अधिक पौधे लगाने से हरियाली बढ़ेगी और पर्यावरण सुरक्षित होगा।
उन्होंने बताया कि धर्मशाला वन मंडल के तहत इस वर्ष 110 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्होंने रूलेड निवासी सुनीता देवी को विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत 1.23 लाख रुपये की एफडी भी भेंट की।
कंजर्वेटर फॉरेस्ट बासु कौशल ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। डीएफओ अमित शर्मा ने मुख्यातिथि एवं उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया और वन विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दरीणी के अध्यापकों और विद्यार्थियों ने भी पौधारोपण किया। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।