19 अगस्त: कुल्लू जिले के बाड़ी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को मिड-डे मील में परोसी गई खीर खाने के बाद करीब 30 से 40 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। खीर खाने के कुछ समय बाद कई बच्चों को उल्टियां होने लगीं और हालत खराब होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पतलीकूहल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार प्रभावित बच्चे जैंडी, बाड़ी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी समेत आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। परिजनों ने बताया कि बच्चों ने स्कूल में मिड-डे मील के दौरान खीर खाई थी। शाम करीब चार बजे छुट्टी के बाद घर पहुंचने पर कई बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ बच्चों के स्कूल के बाहर अर्धमूर्छित अवस्था में गिरने की सूचना भी सामने आई है।
बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान कमलाकांत और उपप्रधान ललित मौके पर पहुंचे और बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बड़ी संख्या में बच्चों के अस्पताल पहुंचने के बाद उनके परिजन भी वहां पहुंचे और घटना को लेकर चिंता जताते हुए मामले की जांच की मांग की।
सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. मोहित शर्मा ने प्रारंभिक तौर पर इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया है। चिकित्सकों ने दूषित पानी को भी इसकी संभावित वजह बताया है। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
बीएमओ नग्गर कर्ण ने बताया कि सीएचसी में बच्चों का उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। वहीं, विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा चिकित्सकों से बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। एक साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के बीमार पड़ने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।