19 अगस्त: मंडी जिले के दयोरी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन में कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू शिमला से वर्चुअल माध्यम से जुड़े और विद्यार्थियों व स्कूल स्टाफ को बधाई दी।
दयोरी विद्यालय का पुराना भवन 14 अगस्त 2023 को भारी बारिश के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बह गया था। इसके बाद नए भवन का निर्माण कराया गया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयोरी के भवन पर करीब 70 लाख रुपये, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के भवन के निर्माण पर 3 करोड़ 62 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी भी दयोरी में नए स्कूल भवन के शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों से मिलने के लिए पहुंचना चाहती थीं, लेकिन खराब मौसम के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं। उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी सितंबर में दयोरी पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात करेंगी और उनसे संवाद करेंगी।
सुक्खू ने स्कूल भवन के पुनर्निर्माण में स्थानीय लोगों के योगदान की सराहना की। उन्होंने शिक्षा विभाग को एक बीघा से अधिक भूमि उपलब्ध करवाने के लिए स्थानीय निवासी चिंता देवी, दासी देवी और पुन्नी देवी का आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों का आधुनिक तरीके से पुनर्निर्माण कर रही है। शिक्षा व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश 21वें स्थान पर था, जबकि वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने प्रियंका गांधी का विद्यार्थियों के लिए संदेश पढ़कर सुनाया। अपने संदेश में प्रियंका गांधी ने वर्ष 2023 की आपदा को याद करते हुए कहा कि हिमाचल के लोगों ने उस कठिन समय का साहस के साथ सामना किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि स्कूल में उन्हें संविधान के मूल्यों, समानता, एकता, प्रेम और भाईचारे की भावना को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हुनर को निखारने की शुरुआत स्कूल से ही होती है और यही बच्चे देश का भविष्य हैं।
कार्यक्रम में शिक्षा सचिव राकेश कंवर, निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली, एचपीएमसी निदेशक मंडल के सदस्य जोगिंद्र गुलेरिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।