19 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के बीच बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अरलू पंचायत के भरमौत गांव में 35 वर्षीय रिंपल कुमार उफनते नाले को पार करते समय तेज बहाव में बह गया। करीब 50 मीटर तक पानी में बहने के बाद वह नाले के किनारे बांस के झुंड में अटक गया, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। भरमौत गांव निवासी रिंपल कुमार दगडूं जोल नाले को पार करने का प्रयास कर रहा था। भारी बारिश के कारण नाले का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव भी तेज था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से रिंपल पानी के बहाव में बह गया।
युवक के बहने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब 50 मीटर दूर बांस के झुंड में फंसे रिंपल को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे स्वास्थ्य उपचार उपलब्ध कराया गया। बताया जा रहा है कि उसकी हालत सामान्य है।
घटना के बाद प्रशासन ने लोगों को बरसात के दौरान नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, इसलिए लोग जान जोखिम में डालकर इन्हें पार करने का प्रयास न करें। अभिभावकों से भी बच्चों को नदी-नालों के पास न जाने देने की अपील की गई है।