शाहपुर बस स्टैंड पर बनेगा ई-चार्जिंग स्टेशन, 46.28 लाख रुपये मंजूर

17 अगस्त:शाहपुर बस स्टैंड में 46.28 लाख रुपये की लागत से नया इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए धनराशि स्वीकृत होने पर शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार जताया।

पठानिया ने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन नई इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही हैं। इन बसों के सुचारू संचालन को देखते हुए बस स्टैंड परिसर में ही चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए परिवहन एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ स्थान भी चिन्हित कर लिया गया है और संबंधित विभागों को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के रूट विस्तार को लेकर भी परिवहन विभाग को दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके।

विधायक ने कहा कि चार्जिंग स्टेशन बनने से शाहपुर में इलेक्ट्रिक बस सेवा को मजबूती मिलेगी और क्षेत्रवासियों को पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। चार्जिंग स्टेशन की स्वीकृति के लिए क्षेत्र की जनता ने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *