20 अगस्त को कांग्रेस की अहम समीक्षा बैठक, जिला अध्यक्षों के कामकाज का होगा मूल्यांकन

17 अगस्त: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार 20 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों और सभी जिला अध्यक्षों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने बताया कि बैठक संगठन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त किए गए जिला अध्यक्षों के अब तक के कामकाज और गतिविधियों की रिपोर्ट मांगी है। इसी के तहत प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार सभी जिला अध्यक्षों से उनके कार्यकाल का पूरा लेखा-जोखा लेंगे।

बैठक में जिला अध्यक्षों के प्रदर्शन के साथ-साथ विभिन्न जिलों में तैनात पार्टी प्रभारियों की सक्रियता और कार्यप्रणाली की भी समीक्षा होगी। जिला अध्यक्षों को अपने क्षेत्रों में आयोजित जनसंपर्क अभियानों, बैठकों, प्रदर्शनों और अन्य संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत करनी होगी। वहीं, जिला प्रभारियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति और संगठन की सक्रियता को लेकर रिपोर्ट ली जाएगी।

बैठक में पिछले कार्यक्रमों की सफलता और कमियों का आकलन करने के साथ आगामी रणनीति पर भी चर्चा होगी। पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों और प्रभारियों की बैठक में उपस्थिति अनिवार्य की है। प्रत्येक जिले की प्रगति रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जानी है, ऐसे में पदाधिकारियों से पूरी तैयारी के साथ बैठक में पहुंचने को कहा गया है।

समीक्षा बैठक में निष्क्रिय पदाधिकारियों की जवाबदेही भी तय हो सकती है। यदि किसी पदाधिकारी का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो पार्टी संगठन में बदलाव करते हुए नए चेहरों को जिम्मेदारी देने पर भी विचार कर सकती है। कांग्रेस हाईकमान पहले ही हर तीन माह में पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा करने के निर्देश दे चुका है। 20 अगस्त को होने वाली बैठक को इसी प्रक्रिया की अहम कड़ी माना जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *