15 अगस्त: करसोग में उपमंडल स्तरीय 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में उपमंडलाधिकारी नागरिक करसोग अलीशा चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने ध्वजारोहण कर पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा रेंजर्स एंड रोवर्स की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली। इसके बाद शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी।
अपने संबोधन में अलीशा चौहान ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों के कारण ही आज नागरिक सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन जी रहे हैं। आजादी हमें अधिकारों के साथ जिम्मेदारियां भी देती है। ईमानदारी से कार्य करना, कानून का सम्मान करना, महिलाओं का सम्मान, स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण की रक्षा और समाज में भाईचारा कायम रखना भी सच्ची देशभक्ति है।
उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने, मेहनत करने और अपने चरित्र को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए वीरों की कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने में सभी को अपना योगदान देना चाहिए।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी सुंदर लाल और गयारु राम तथा करसोग क्षेत्र के कारगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। पद्मश्री से सम्मानित नेक राम शर्मा को भी शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब एक दर्जन मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थी, जमा दो की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार विद्यार्थी तथा सरदार पटेल विश्वविद्यालय की टॉप टेन सूची में स्थान बनाने वाले चार विद्यार्थी शामिल रहे।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बाल विकास परियोजना करसोग के माध्यम से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम के तहत दो मेधावी छात्राओं को तीन-तीन हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और नगर पंचायत करसोग के स्वच्छता कर्मचारियों सहित अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित वृत्तचित्र प्रदर्शित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों तथा मार्चपास्ट में शामिल पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस और रेंजर्स एंड रोवर्स के प्रतिभागियों को भी स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
करसोग उपमंडल के विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया।
समारोह में नगर पंचायत करसोग के अध्यक्ष किशोर कुमार, उपाध्यक्ष उत्तम चौहान, ग्राम पंचायत ममेल के प्रधान तेजेंद्र कुमार, डीएसपी करसोग चांद किशोर, नायब तहसीलदार राहुल शर्मा, बीएमओ डॉ. गोपाल चौहान, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अजय राज गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पूर्व सैनिक, विभिन्न संस्थाओं के चुने हुए प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।