15 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देशभर के पुलिस एवं सुरक्षा बलों के अधिकारियों-कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रीय पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है। इस सूची में हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड के 6 अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हैं।
केंद्र सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार डीआईजी गुरदेव चंद शर्मा को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक (PSM) से सम्मानित किया गया है।
वहीं आईजी अभिषेक दुल्लर, इंस्पेक्टर अमर सिंह और एएसआई जगबीर सिंह को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा पदक (MSM) प्रदान किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश होमगार्ड्स एवं सिविल डिफेंस के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी प्रदेश का मान बढ़ाया है। 7वीं वाहिनी कुल्लू के मानद कंपनी कमांडर प्रेम राज को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। उन्होंने फायर फाइटिंग, आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस और प्रशिक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इसी तरह तीसरी वाहिनी के मानद प्लाटून कमांडर खेम चंद को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। प्रशिक्षण, परेड, अनुशासन और परिचालन तैयारियों में उनके योगदान को उल्लेखनीय माना गया है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिष्ठित पदकों से सम्मानित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। वहीं महानिदेशक एवं महाआदेशक गृह रक्षा, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन सेवाएं एवं एसडीआरएफ संतवत अटवाल ने पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां संगठन के सभी रैंकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।