कांगड़ा में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21.66 ग्राम चिट्टा बरामद; 5 तस्कर गिरफ्तार

12 अगस्त: कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 21.66 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल दो वाहनों को भी कब्जे में लिया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पहली कार्रवाई पुलिस थाना नगरोटा बगवां की टीम ने की। पुलिस टीम देर रात गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। गुप्त सूचना के आधार पर ट्रैफिक कार्यालय नगरोटा बगवां के पास एक सफेद पिकअप गाड़ी नंबर HP 37J-4836 को जांच के लिए रोका गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर 15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने गाड़ी में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार निवासी व्याड़ा, तहसील पालमपुर, अंकुश निवासी रक्कड़, तहसील बैजनाथ और अनिल निवासी अन्दरेटा, तहसील पालमपुर के रूप में हुई है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने पुलिस थाना कांगड़ा के तहत हनुमान घाट, कांगड़ा बाईपास के पास की। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने सामने से आ रही ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार में सवार दो युवकों के कब्जे से 6.66 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशे की खेप के साथ तस्करी में इस्तेमाल ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन राणा (31) और पार्थ शर्मा (20), दोनों निवासी टंग नरवाना, तहसील धर्मशाला के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना कांगड़ा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *