सोना-चांदी में तेज गिरावट, सिल्वर ₹24 हजार टूटी; गोल्ड ₹8 हजार सस्ता

30 जनवरी : लगातार रिकॉर्ड तेजी के बाद शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। मुनाफावसूली के दबाव में MCX पर दोनों कीमती धातुएं लाल निशान में खुलीं।

MCX पर चांदी की कीमतों में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी करीब ₹23,993 टूटकर ₹3,75,900 प्रति किलो पर आ गई। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही चांदी ने ₹4 लाख प्रति किलो का ऐतिहासिक स्तर पार किया था और लाइफ टाइम हाई ₹4,20,048 तक पहुंची थी।

सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट आई। MCX पर सोना खुलते ही करीब ₹8,000 प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया।

हालांकि घरेलू सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना ₹1,83,000 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹4,04,500 प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी। जनवरी महीने में अब तक सोने में 24% से ज्यादा और चांदी में करीब 62% की तेजी दर्ज की जा चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हल्की नरमी दिखी। कॉमेक्स पर सोना फिसलकर 5,412 डॉलर प्रति औंस और चांदी 117.45 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक अनिश्चितता और मुनाफावसूली के चलते फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *