11 अगस्त: बचत भवन देहरा में आयोजित कार्यक्रम में देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत 48 पात्र लाभार्थी परिवारों को कुल 14.88 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए।
इस अवसर पर विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री शगुन योजना भी इसी उद्देश्य को पूरा करने वाली महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र परिवार की बेटी के विवाह के अवसर पर 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसी के तहत देहरा विधानसभा क्षेत्र की 48 पात्र बेटियों को आज 14.88 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
विधायक ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपनी बेटियों के विवाह के दौरान आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण और बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में योजना के लाभार्थियों ने समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार और विधायक कमलेश ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिन्द्र पाल सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक आयुष उपाध्याय, बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा राजेन्द्र कुमार, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे।