ओपीएस में कोई बदलाव नहीं होगा, सरकार अपने फैसले पर कायम : मुकेश अग्निहोत्री

11 अगस्त:  मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) में किसी भी तरह का बदलाव नहीं करेगी। कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की है और सरकार अपने इस फैसले पर पूरी तरह कायम है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को गति देने के साथ आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ने सोमवार को पालमपुर में 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी इलेक्ट्रिक बस में सफर किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा दिया जा रहा है। अब तक 297 इलेक्ट्रिक बसें एचआरटीसी के बेड़े में शामिल की जा चुकी हैं और चार्जिंग सुविधा वाले निर्धारित रूटों पर इनका संचालन किया जा रहा है। आने वाले समय में एक हजार और इलेक्ट्रिक बसें एचआरटीसी के बेड़े में शामिल करने की योजना है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि डीजल बसों की खरीद अब मुख्य रूप से लंबे रूटों के लिए 47 सीटर बसों तक सीमित रखी जाएगी। वहीं, 15 वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी अथवा करीब 9 लाख किलोमीटर का सफर तय कर चुकी पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर उनके स्थान पर नई बसें शामिल की जाएंगी। करीब 300 पुरानी बसों को बेड़े से हटाने की प्रक्रिया भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए प्रदेशभर में चार्जिंग नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। कांगड़ा जिले में धर्मशाला, नगरोटा, जसूर, देहरा, पालमपुर और पठानकोट में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि जयसिंहपुर में भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। धर्मशाला, देहरा और नगरोटा के लिए इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पीजीआई, एम्स बिलासपुर और आईजीएमसी शिमला सहित प्रमुख चिकित्सा संस्थानों तथा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के लिए भी नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं धार्मिक स्थलों तक बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने पालमपुर में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें उनके समक्ष रखीं। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में आयुष, खेल एवं विधि मंत्री यादविंद्र गोमा, पालमपुर विधायक आशीष बुटेल, सुलह के पूर्व विधायक जगजीवन पाल, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष त्रिलोक चंद, राधा सूद, नीलम मलिक, नगर निगम पालमपुर की आयुक्त नेत्रा मेती, मुख्य अभियंता जल शक्ति दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता विशाल जसवाल, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, एसडीएम ओपी यादव, आरएम एचआरटीसी नितेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *