11 अगस्त: आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविन्द्र गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद वर्ग के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रत्येक निर्णय जनकल्याण और जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया जा रहा है।
गोमा सोमवार को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के हलेड़ में आयोजित खंडस्तरीय बीपीएल संवाद कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में चरण-1 से चरण-8 तक चयनित 10 पंचायतों के 356 बीपीएल परिवारों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों की सही पहचान और बीपीएल सूचियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए शुरू की गई सर्वेक्षण प्रक्रिया महत्वपूर्ण पहल है।
मंत्री ने कहा कि संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य बीपीएल परिवारों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी और संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पारदर्शी सर्वेक्षण प्रक्रिया के माध्यम से विकासखंड लंबागांव में 2,417 पात्र परिवारों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए उपमंडल स्तर पर पुनः सत्यापन समिति का गठन किया गया है, जिसमें एसडीएम और खंड विकास अधिकारी शामिल हैं। इस व्यवस्था से पात्र परिवारों की पहचान को अधिक विश्वसनीय बनाने में मदद मिली है।
कार्यक्रम के दौरान यादविन्द्र गोमा ने बीपीएल वर्ग की दो बुजुर्ग महिलाओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों का सम्मान तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जसवंत डढ़वाल, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लता सूद, पंचायत समिति सदस्य अभिषेक सूद, एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर, खंड विकास अधिकारी लंबागांव सिकंदर कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, 10 पंचायतों के प्रतिनिधि और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।