सनाही-जोलसप्पड़ के बीच 26 करोड़ से बनेगा 215 मीटर लंबा पुल, 5 हजार लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

10 अगस्त , बबलू गोस्वामी : नादौन उपमंडल में कुनाह खड्ड पर सनाही और जोलसप्पड़ के बीच 26 करोड़ रुपये की लागत से 215 मीटर लंबे पुल का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इस परियोजना के लिए 15 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। लोक निर्माण विभाग को पुल का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर सनाही के हारमसंदा और जोलसप्पड़ के सोहरी के बीच प्रस्तावित इस पुल के निर्माण से करीब 5 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। पुल बनने के बाद सनाही और आसपास की पंचायतों के लोगों के लिए ऊना और हमीरपुर की ओर आवागमन काफी आसान हो जाएगा।

फिलहाल लोगों को जोलसप्पड़ पहुंचने के लिए कांगू और रंगस की ओर से लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। नए पुल के बनने से सनाही से हारमसंदा होते हुए लोग सीधे जोलसप्पड़ पहुंच सकेंगे। इससे लोगों के समय और यात्रा खर्च दोनों में कमी आएगी। जोलसप्पड़ स्थित मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी इसका विशेष लाभ मिलेगा।

स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजकर सर्वे करवाया था। लोक निर्माण विभाग नादौन मंडल के अधिकारियों के साथ किए गए सर्वे के बाद पुल निर्माण की व्यवहारिकता की जांच की गई और फिजिबिलिटी रिपोर्ट सरकार को सौंपी गई। इसके बाद एचपी-रेडी परियोजना के तहत पुल निर्माण के लिए 26 करोड़ रुपये मंजूर किए गए, जिनमें से 15 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं।

लोक निर्माण विभाग नादौन मंडल के अधिशासी अभियंता राजिंदर जुबलानी ने बताया कि पुल निर्माण से जुड़ी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर ली जाएंगी। विभागीय अधिकारी प्रस्तावित स्थल का दौरा भी कर चुके हैं।

पुल को मंजूरी मिलने और पहली किस्त जारी होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। सनाही बूथ प्रभारी विकास शर्मा, प्रधान सरिता देवी, उपप्रधान सुभाष शर्मा, हारमसंदा के वार्ड पंच विजय शर्मा, पूर्व उपप्रधान भगवान दास सहित क्षेत्र के कई लोगों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया है।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि पुल बनने से दोनों ओर की पंचायतों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी और कई किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करने से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य शुरू होने पर मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *