10 अगस्त: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांगड़ा जिले की फिना सिंह बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना को जल्द पूरा किया जाएगा। करीब 643 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने 60.26 करोड़ रुपये जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र से प्राप्त राशि से परियोजना के शेष कार्यों को गति मिलेगी और इसे जल्द पूरा करने में मदद मिलेगी।
धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार परियोजना पर अपने संसाधनों से अब तक करीब 300 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। परियोजना लंबे समय से निर्माणाधीन थी और इसे पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र के समक्ष लगातार प्रभावी ढंग से मामला उठाया। केंद्र सरकार के साथ हुई बैठकों के बाद अब परियोजना के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध हुई है।
उन्होंने कहा कि फिना सिंह परियोजना के पूरा होने से कांगड़ा जिले के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश सरकार कांगड़ा के विकास को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम कर रही है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांगड़ा में प्रदेश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा विकसित किया जा रहा है, जिस पर सरकार करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। इसके अलावा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिले में चिड़ियाघर का निर्माण किया जा रहा है तथा प्रदेश का सबसे बड़ा दूध प्रसंस्करण संयंत्र भी स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से कांगड़ा की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
पेपर लीक के मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सबसे जरूरी है। मेहनत और योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने वाले युवाओं के भविष्य से किसी भी स्तर पर खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और विकास के अवसर चाहिए। उन्होंने हिमाचल में पिछली सरकार के कार्यकाल में हुए पुलिस भर्ती पेपर लीक का भी जिक्र किया।
आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय को लेकर उन्होंने कहा कि बजट घोषणा के अनुसार जल्द ही उनके मानदेय में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। मंत्रिमंडल इस संबंध में निर्णय ले चुका है और जल्द ही इसकी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने सराहनीय सेवाएं दी थीं और सरकार उनके योगदान को सम्मान देने के लिए भी प्रयास कर रही है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति का केंद्र विकास और जनकल्याण होना चाहिए। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और शिष्टाचार बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास कार्यों को गति देना और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
इस अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, जल शक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता विशाल जसवाल, एचआरटीसी के डीएम पंकज चड्ढा, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्रधानाचार्य राकेश पठानिया सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।