इंदौरा की बेटी मिली ने रचा इतिहास, बनीं भारतीय अंडर-21 कोर्फबॉल टीम की कप्तान

10 अगस्त: कांगड़ा जिला के इंदौरा की बेटी मिली ने हिमाचल प्रदेश का नाम देशभर में रोशन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मलेशिया के सेलांगोर में आयोजित होने वाली अंडर-21 विश्व कोर्फबॉल चैंपियनशिप के लिए मिली को भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मिली की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मिली को भारतीय टीम की कमान मिलना न केवल कांगड़ा बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिली हिमाचल के कोर्फबॉल इतिहास में भारतीय महिला टीम की कप्तानी करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि मिली के नेतृत्व में भारतीय टीम विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करेगी और देश का नाम रोशन करेगी। मुख्यमंत्री ने मिली के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *