8 अगस्त: जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर का नया कैंपस प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं और मेडिकल शिक्षा का एक समग्र केंद्र बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत यहां मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के साथ चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण संस्थान एक ही परिसर में विकसित किए जा रहे हैं।
नए कैंपस में कैंसर केयर संस्थान, डेंटल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पैरा मेडिकल स्टाफ कॉलेज, नशा मुक्ति एवं उपचार केंद्र, क्रिटिकल केयर यूनिट और 200 बिस्तरों वाला अलग मदर-चाइल्ड अस्पताल स्थापित करने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा यहां आठ सुपर स्पेशियलिटी विभाग भी शुरू किए जाएंगे।
प्रदेश सरकार अब तक नए कैंपस के लिए करीब 500 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है। विभिन्न संस्थानों के भवनों के निर्माण के लिए आने वाले समय में लगभग 500 करोड़ रुपये और खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है। कैंसर केयर संस्थान के निर्माण के लिए 90 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
नए परिसर में अकादमिक ब्लॉक और अस्पताल भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इनमें अत्याधुनिक मशीनरी और फर्नीचर स्थापित किए जा रहे हैं। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधिकांश विभाग नए परिसर में स्थानांतरित कर दिए जाएंगे।
परिसर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सभागार और अन्य भवनों का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। प्रशासनिक ब्लॉक, छात्रावास और अन्य जरूरी भवनों के निर्माण के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
आने वाले समय में यहां सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के साथ रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध होने की उम्मीद है। यह संस्थान मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के साथ-साथ डॉक्टरों, डेंटल डॉक्टरों, नर्सिंग और पैरा मेडिकल स्टाफ के लिए अध्ययन, प्रशिक्षण और अनुसंधान के बेहतर अवसर भी उपलब्ध करवाएगा।
सरकार का लक्ष्य है कि हमीरपुर का यह मेडिकल कॉलेज आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में अपनी पहचान बनाए।