मंडी के पधर में भीषण अग्निकांड, तीन मंजिला मकान जलकर राख; 10 लाख का नुकसान

8 अगस्त: मंडी जिले के उपमंडल पधर के बरोट क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर भीषण अग्निकांड में एक तीन मंजिला स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया। हादसा बरधान पंचायत के राजस्व मुहाल झमटेड़ के पालाखुंडी गांव में हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, मकान में रखा नकदी, आभूषण, अनाज और घरेलू सामान समेत सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार परिवार को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार पालाखुंडी निवासी सुखदेव पुत्र चंदू राम का परिवार शुक्रवार दोपहर खाना खाने के बाद खेतों में काम करने चला गया था। इसी दौरान करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों ने मकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण रसोई के चूल्हे में सुलगती आग को माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही लचकंडी हलका के पटवारी सुखदेव सिंह मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रशासन को भेजी।

पंचायत प्रधान निशा और उपप्रधान काजू राम ने भी घटनास्थल का दौरा कर प्रभावित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन से परिवार को जल्द उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत राशि और तिरपाल उपलब्ध करवाया गया है।

एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि अग्निकांड में परिवार का रहने योग्य मकान पूरी तरह नष्ट हो गया है। प्रशासन की ओर से नियमानुसार राहत एवं सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल परिवार के रहने की अस्थायी व्यवस्था पुराने मकान और रिश्तेदारों के घर पर की गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *