8 अगस्त:कांगड़ा से पालमपुर और पठानकोट की ओर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी सूचना है। 8 अगस्त को सुबह 5 बजे से 8 बजे तक खोली से 53 मील तक का सड़क मार्ग सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। प्रशासन ने यह फैसला दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सुरक्षित तरीके से मौके से निकालने के लिए लिया है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है। पालमपुर से कांगड़ा या पठानकोट की ओर जाने वाले भारी वाहनों को ठानपुरी-टांडा रोड के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं, कांगड़ा या पठानकोट से पालमपुर की ओर जाने वाले वाहनों को कछियारी-टांडा रोड से डायवर्ट किया जाएगा।
मौके पर तैनात पुलिस अधिकारी जनसुरक्षा और यातायात की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर वाहनों को अन्य वैकल्पिक मार्गों से भी भेज सकते हैं।
कांगड़ा की एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सुरक्षित निकालने के लिए सड़क को अस्थायी रूप से बंद करना जरूरी है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें।