6 अगस्त: लगभग दो दशकों से जिस आधुनिक अंतर्राज्यीय बस अड्डे का इंतजार हमीरपुरवासी कर रहे थे, वह सपना अब जल्द साकार होने वाला है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह प्रोजेक्ट तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। निर्माण कार्य का 70 प्रतिशत से अधिक हिस्सा पूरा हो चुका है और तैयार होने के बाद यह हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा एवं अत्याधुनिक अंतर्राज्यीय बस अड्डा होगा।
यह बहुमंजिला बस अड्डा केवल बसों के संचालन तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें बसों और अन्य वाहनों के लिए आधुनिक पार्किंग, कई सरकारी एवं अर्द्ध-सरकारी कार्यालयों के लिए स्थान तथा यात्रियों की सुविधा से जुड़ी विभिन्न आधुनिक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री बनने के बाद ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर में नए बस अड्डे के निर्माण की सभी लंबित औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए थे। आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद परियोजना के लिए धनराशि स्वीकृत की गई और शिलान्यास के साथ निर्माण कार्य तेज गति से शुरू कराया गया।
हमीरपुर प्रदेश के मध्य में स्थित होने के कारण यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बसें अंतर्राज्यीय, प्रदेश के प्रमुख शहरों, विभिन्न जिलों और स्थानीय रूटों के लिए संचालित होती हैं। बढ़ते यातायात के कारण मौजूदा बस अड्डा काफी छोटा पड़ गया है, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
नया बस अड्डा बनने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और हमीरपुर को प्रदेश के प्रमुख परिवहन केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी।