चंबा में दर्दनाक हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौके पर मौत

6 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा भरमौर उपमंडल की होली तहसील के लामू–हीलिंग मार्ग पर हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48) और संजू राम (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों देर रात हीलिंग से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हीलिंग नाले के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। दोनों मृतक विवाहित थे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *