6 अगस्त: आगामी 4 और 5 सितंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर एसडीएम अरुण शर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर तैयारियों का जायजा लिया।
एसडीएम अरुण शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और महोत्सव के सफल आयोजन को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद को मेला स्थल पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जल शक्ति विभाग को निर्बाध पेयजल आपूर्ति और अस्थायी पानी के नल लगाने तथा बिजली बोर्ड को लगातार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए बचत भवन के समीप विशेष पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। इसके अलावा 4 और 5 सितंबर को होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं के लिए कलाकारों का चयन भी जल्द किया जाएगा।
महोत्सव के सुचारु संचालन और समन्वय के लिए तहसीलदार राधिका सैनी को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। एसडीएम ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जन्माष्टमी महोत्सव को श्रद्धा, उत्साह और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।