जलमूषा खड्ड में फंसे 25 गुर्जरों को तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित निकाला

4 अगस्त: जिला सिरमौर में भारी बारिश के बीच कटासन के समीप जलमूषा खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ने से चार गुर्जर परिवारों के 25 लोग खड्ड के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, होमगार्ड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, थाना सदर नाहन को भूपेन्द्र कुमार ने सूचना दी कि जलमूषा खड्ड में अचानक पानी का बहाव तेज होने के कारण चार गुर्जर परिवारों के करीब 25 लोग बीच में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सदर नाहन के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर फायर ब्रिगेड और तहसीलदार पांवटा साहिब की टीम भी पहुंच गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी मौके पर बुलाकर स्टैंडबाय पर रखा गया। इसके बाद पुलिस, होमगार्ड, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

लगातार बारिश और तेज पानी के बहाव के बीच जवानों ने करीब तीन घंटे तक बचाव कार्य जारी रखा। जलस्तर में कुछ कमी आने के बाद पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने खड्ड के बीच पहुंचकर फंसे लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। सभी 25 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

रेस्क्यू किए गए लोगों में छह माह की मासूम बच्ची से लेकर 45 वर्ष तक के महिला-पुरुष शामिल हैं। इनमें गामी, भूरा, अम्बो, जाफर, सदम, शमशाद, मंजूर, सेफ, लियाकत, बिनु, हाजरा, हुरन, आशु, खतीजा, सुहाना, जतुन, इरशाद, दिलशाद, ईरशाद, शबीना, इकरा, जाफर, अब्दुल, नानकी सहित एक अन्य व्यक्ति शामिल है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई और सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अभियान के सफल समापन के बाद क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।

प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, खड्डों और बरसाती जलधाराओं के आसपास जाने से बचें। मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *