30 जुलाई: कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर उपमंडल में गुरुवार सुबह हरोटी खड्ड के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह मामला ग्राम पंचायत कर्णघट के अंतर्गत हरोटी खड्ड का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी तुलसीराम सुबह अपने पशुओं को चराने के लिए खड्ड की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खड्ड के किनारे पड़े एक शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी। सूचना फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के सभी थानों को शव का विवरण भेज दिया है और पहचान के प्रयास जारी हैं।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है तथा मृतक की शिनाख्त के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।