28 जुलाई: भारत की 18 वर्षीय स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने वर्ल्ड स्क्वैश जूनियर चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। गल्र्स सिंगल्स फाइनल में शीर्ष वरीय अनाहत ने मिस्र की दूसरी वरीय खिलाड़ी रुक्या सलेम को लगातार तीन गेमों में 11-3, 11-7 और 11-9 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस जीत के साथ अनाहत सिंह जूनियर वर्ल्ड स्क्वैश चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वर्ष 2005 में रहा था, जब जोशना चिनप्पा फाइनल तक पहुंची थीं। अनाहत ने भारत को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक दिलाते हुए 21 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
खास बात यह रही कि 2011 से लगातार मिस्र की खिलाड़ी इस चैंपियनशिप का खिताब जीतती आ रही थीं, लेकिन अनाहत ने फाइनल में रुक्या सलेम को हराकर इस सिलसिले को भी समाप्त कर दिया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने छह मुकाबले खेले और केवल दो गेम गंवाए।
अन्य भारतीय खिलाड़ियों में गल्र्स वर्ग में रुद्र सिंह, अनिका दुबे और शानवी कलंकी राउंड ऑफ-32 से आगे नहीं बढ़ सकीं। वहीं ब्वॉयज वर्ग में आर्यवीर दीवान भारत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे और प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे, जबकि युशा नफीस और गुरवीर सिंह राउंड ऑफ-32 में बाहर हो गए।
अनाहत सिंह ने पिछले वर्ष जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था, जिसे इस बार उन्होंने स्वर्ण में बदल दिया। अब उनकी नजर 2028 के लॉस एंजेल्स ओलंपिक पर होगी, जहां पहली बार स्क्वैश को ओलंपिक खेलों में शामिल किया गया है।